Close Menu
Bharat Speaks
  • Trending
  • Motivation
  • Health
  • Education
  • Development
  • About Us
What's Hot

India Govt Declined Ministerial Meeting with Bill Gates Amid Epstein Scrutiny

March 5, 2026

Industrial Units in Yamuna City to Get Toll-Free Access via Yamuna Expressway

March 4, 2026

Noida Authority Clears Path for 135 Pending Flat Registrations in Paramount Projects

March 4, 2026
Facebook X (Twitter) Instagram
Facebook X (Twitter) Instagram
Bharat Speaks
Subscribe
  • Trending
  • Motivation
  • Health
  • Education
  • Development
  • About Us
Bharat Speaks
Home»राष्ट्रीय»दुनिया की सबसे बड़ी वेडिंग सेरेमनी, जो उत्तर में कैलाश से लेकर दक्षिण में रामेश्वरम् तक, जानिए अनोखी कहानी
राष्ट्रीय

दुनिया की सबसे बड़ी वेडिंग सेरेमनी, जो उत्तर में कैलाश से लेकर दक्षिण में रामेश्वरम् तक, जानिए अनोखी कहानी

BharatSpeaksBy BharatSpeaksMarch 11, 2021No Comments6 Mins Read
Facebook Twitter LinkedIn Telegram WhatsApp Email
Share
Facebook Twitter LinkedIn Pinterest Email

दुनिया की सबसे बड़ी ‘वेडिंग सेरेमनी।’ सबसे लम्बा चलने वाला वैवाहिक कार्यक्रम ,सबसे बड़ी संख्या में शामिल होने वाले लोग , सबसे ज़्यादा जगहों पर होने वाला रिसेप्शन।बिना किसी इंवेट मैनेजमेंट कम्पनी के यही महाशिवरात्रि की ताक़त है। महाशिवरात्रि यानी भोलेशंकर का पार्वती से विवाहोत्सव। बराती में भी समतामूलक समाज का प्रतिनिधित्व। भूत, पिशाच, पागल,भिखारी, नशेडी, शराबी ,कबाबी सब। अकेला त्यौहार जो कश्मीर में ‘हेराथ’ से लेकर रामेश्वरम् तक एक साथ मनाया जाता है।माना जाता है कि सृष्टि का प्रारम्भ भी इसी दिन से हुआ। पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन सृष्टि का आरम्भ अग्निलिंग (जो महादेव का विशालकाय स्वरूप है) के उदय से हुआ।

मैं बरसों तक बनारस में निकलने वाली शिव बारात का बराती रहा हूँ। जीवन भी शिव बारात जैसा ही चल रहा है।रक़म रक़म के लोग है। कभी कभी लगता है पूरा जीवन ही शिव बारात है।बचपन में पूरा घर शिवरात्रि के उपवास पर रहता था। हम बच्चे थे उपवास कैसे हो? पर हम उपवास की ज़िद करते थे। तभी मॉं ने जुगत निकाली तुम बाराती हो।शिव के बाराती सब खा पी सकते है। इसलिए हम बचपन से शिव के बाराती है।

अवढरदानी, भूतभावन,गंगाधर , शशिधर, विरूपाक्ष, अकेले ऐसे देवता है जो पूरे देश के हर कोने में पूजे जाते हैं और सभी उनके विवाह का ये उत्सव मानते हैं। भगवान् शिव और पार्वती के विवाह का ये उत्सव बसंत पंचमी के दिन से शुरू हो जाता है , उस दिन बाबा का तिलकोत्सव होता है , उसके बाद शिवरात्रि के दिन विवाह होता है जिसकी बरात की शोभा भी उनके भक्त गण अतुलनीय बना देते हैं। विवाह के बाद माँ पार्वती रस्म के हिसाब से अपने मायके चली जाती है। और जब बाबा उनका गौना कराकर उन्हें कैलाश लाते है तो वो दिन रंगभरी एकादशी का होता है और उसी रोज़ से बाबा विश्वनाथ अपने भक्तो से जमकर होली खेलते है इसलिए वैसे रंगभरी एकादशी कहते है।

​कभी कभी लगता है। आखिर शिव में ऐसा क्या है? जो उत्तर में कैलास से लेकर दक्षिण में रामेश्वरम् तक वे एक जैसे पूजे जाते हैं। उनके व्यक्तित्व में कौन सा चुंबक है जिस कारण समाज के भद्रलोक से लेकर शोषित, वंचित, भिखारी तक उन्हें अपना मानते हैं। वे क्यों सर्वहारा के देवता हैं। उनका दायरा इतना व्यापक क्यों है?

राम का व्यक्तित्व मर्यादित है। कृष्ण का उन्मुक्त और शिव असीमित व्यक्तित्व के स्वामी। वे आदि हैं और अंत भी। शायद इसीलिए बाकी सब देव हैं। केवल शिव महादेव। वे उत्सव प्रिय हैं। शोक, अवसाद और अभाव में भी उत्सव मनाने की उनके पास कला है। वे उस समाज में भरोसा करते हैं। जो नाच-गा सकता हो। यह शैव परंपरा है। जर्मन दार्शनिक फ्रेडरिक नीत्शे कहते हैं ‘उदास परंपरा बीमार समाज बनाती है।’ शिव का नृत्य श्मशान में भी होता है। श्मशान में उत्सव मनानेवाले वे अकेले देवता है। लोक गायन में भी वे उत्सव मनाते दिखते हैं। ‘खेले मसाने में होरी दिगंबर खेले मसाने में होरी। भूत, पिशाच, बटोरी दिगंबर खेले मसाने में होरी।’

सिर्फ देश में ही नहीं विदेश में भी शिव की गहरी आस्था है। हिप्पी संस्कृति साठवें दशक में अमेरिका से भारत आई। हिप्पी आंदोलन की नींव यूनानियों की प्रति संस्कृति आंदोलन में देखी जा सकती है। पर हिप्पियों के आदि देवता शिव तो हमारे यहाँ पहले से ही मौजूद थे या यों कहे शिव आदि हिप्पी थे। अधनंगे, मतवाले, नाचते-गाते, नशा करते भगवान् शंकर। इन्हें भंगड़, भिक्षुक, भोला भंडारी भी कहते हैं। आम आदमी के देवता भूखो-नंगों के प्रतीक। वे हर वक्त समाज की सामाजिक बंदिशों से आजाद होने, खुद की राह बनाने और जीवन के नए अर्थ खोजने की चाह में रहते॒हैं।

यही मस्तमौला ‘हिप्पीपन’ उनके विवाह में अड़चन था। कोई भी पिता किसी भूखे, नंगे, मतवाले से बेटी ब्याहने की इजाजत कैसे देगा। शिव की बारात में नंग-धड़ंग, चीखते, चिल्लाते, पागल, भूत-प्रेत, मतवाले सब थे। लोग बारात देख भागने लगे। शिव की बारात ही लोक में उनकी व्याप्ति की मिसाल है।

विपरीत ध्रुवों और विषम परिस्थितियों से अद्भुत सामंजस्य बिठानेवाला उनसे बड़ा कोई दूसरा भगवान् नहीं है। मसलन, वे अर्धनारीश्वर होकर भी काम पर विजेता हैं। गृहस्थ होकर भी परम विरक्त हैं। नीलकंठ होकर भी विष से अलिप्त हैं। उग्र होते हैं तो तांडव, नहीं तो सौम्यता से भरे भोला भंडारी। परम क्रोधी पर दयासिंधु भी शिव ही हैं। विषधर नाग और शीतल चंद्रमा दोनों उनके आभूषण हैं। उनके पास चंद्रमा का अमृत है और सागर का विष भी। साँप, सिंह, मोर, बैल, सब आपस का बैर-भाव भुला समभाव से उनके सामने है। वे समाजवादी व्यवस्था के पोषक। वे सिर्फ संहारक नहीं कल्याणकारी, मंगलकर्ता भी हैं। यानी शिव विलक्षण समन्वयक॒हैं।

शिव गुट निरपेक्ष हैं। सुर और असुर दोनों का उनमें विश्वास है। राम और रावण दोनों उनके उपासक हैं। दोनों गुटों पर उनकी समान कृपा है। आपस में युद्ध से पहले दोनों पक्ष उन्हीं को पूजते हैं। लोक कल्याण के लिए वे हलाहल पीते हैं। वे डमरू बजाएँ तो प्रलय होता है, प्रलयंकारी इसी डमरू से संस्कृत व्याकरण के चौदह सूत्र भी निकलते हैं। इन्हीं माहेश्वर सूत्रों से दुनिया की कई दूसरी भाषाओं का जन्म हुआ।

आज पर्यावरण बचाने की चिंता विश्वव्यापी है। शिव पहले पर्यावरण प्रेमी हैं, पशुपति हैं। निरीह पशुओं के रक्षक हैं। आर्य जब जंगल काट बस्तियाँ बसा रहे थे। खेती के लिए जमीन तैयार कर रहे थे। गाय को दूध के लिए प्रयोग में ला रहे थे पर बछड़े का मांस खा रहे थे। तब शिव ने बूढ़े बैल नंदी को वाहन बनाया। सांड़ को अभयदान दिया। जंगल कटने से बेदखल साँपों को आश्रय दिया।

कोई उपेक्षितों को गले नहीं लगाता, महादेव ने उन्हें गले लगाया। श्मशान, मरघट में कोई नहीं रुकता। शिव ने वहाँ अपना ठिकाना बनाया। जिस कैलास पर ठहरना कठिन है। जहाँ कोई वनस्पति नहीं, प्राणवायु नहीं, वहाँ उन्होंने धूनी लगाई। दूसरे सारे भगवान् अपने शरीर के जतन के लिए न जाने क्या-क्या द्रव्य लगाते हैं। शिव केवल भभूत का इस्तेमाल करते है। उनमें रत्ती भर लोक दिखावा नहीं है। शिव उसी रूप में विवाह के लिए जाते हैं, जिसमें वे हमेशा रहते हैं। वे साकार हैं, निराकार भी। इस इससे अलग लोहिया उन्हे गंगा की धारा के लिए रास्ता बनानेवाला अद्धितीय इंजीनियर मानते थे।

शिव न्यायप्रिय हैं। मर्यादा तोड़ने पर दंड देते हैं। काम बेकाबू हुआ तो उन्होने उसे भस्म किया। अगर किसी ने अति की तो उनके पास तीसरी आँख भी है। दरअसल तीसरी आँख सिर्फ ‘मिथ’ नहीं है। आधुनिक शरीर शास्त्र भी मानता है कि हमारी आँख की दोनों भृकुटियों के बीच एक ग्रंथि है और वह शरीर का सबसे संवेदनशील हिस्सा है, रहस्यपूर्ण भी। इसे ‘पीनियल ग्रंथि’ कहते हैं। यह हमेशा सक्रिय नहीं रहती पर इसमें संवेदना ग्रहण करने की अद्भुत ताकत है। इसे ही शिव का तीसरा नेत्र कहते हैं। उसके खुलने से प्रलय होगा। ऐसी अनंत काल से मान्यता है।

शिव का व्यक्तित्व विशाल है। वे काल से परे महाकाल है। सर्वव्यापी हैं, सर्वग्राही हैं। सिर्फ भक्तों के नहीं देवताओं के भी संकटमोचक हैं। उनके ‘ट्रबल शूटर’ हैं। शिव का पक्ष सत्य का पक्ष है। उनके निर्णय लोकमंगल के हित में होते हैं। जीवन के परम रहस्य को जानने के लिए शिव के इन रूपों को समझना जरूरी होगा, क्योंकि शिव उस आम आदमी की पहुँच में हैं, जिसके पास मात्र एक लोटा जल है। इसीलिए उत्तर में कैलास से लेकर दक्षिण में रामेश्वरम् तक उनकी व्याप्ति और श्रद्धा एक सी है.

हर हर महादेव।

📲 Join Our WhatsApp Channel
Algoritha Registration
mahashivratri Parvati Shiv
Share. Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Tumblr Telegram Email
Previous Articleबरेली एयरपोर्ट पर हवाई सेवा शुरू, UP को मिला 8वां हवाई अड्डा, जानें पूरी डिटेल
Next Article योगी सरकार के चार साल: सूबे को एक ही कार्यकाल में तीन एक्सप्रेसवे का तोहफा, पूर्व सरकारें 10 साल में केवल दो बना पाईं
BharatSpeaks

Related Posts

नवरात्रि और दुर्गा पूजा: दो त्यौहार, एक आस्था — फिर भी अलग परंपराएँ

September 27, 2025

एक जिले में जहाँ आधी लड़कियाँ दुल्हन बनती हैं, एक IAS अधिकारी ने 100 से अधिक को बचाया

September 25, 2025

शगुन के लिफाफे में 1 रुपये का सिक्का क्यों जोड़ा जाता है: परंपरा के पीछे की कहानी

September 11, 2025
Add A Comment
Leave A Reply Cancel Reply

Top Posts

Subscribe to Updates

Get the latest sports news from SportsSite about soccer, football and tennis.

Welcome to BharatSpeaks.com, where our mission is to keep you informed about the stories that matter the most. At the heart of our platform is a commitment to delivering verified, unbiased news from across India and beyond.

We're social. Connect with us:

Facebook X (Twitter) Instagram YouTube
Top Insights
Get Informed

Subscribe to Updates

Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

© 2026 Bharat Speaks.
  • Trending
  • Motivation
  • Health
  • Education
  • Development
  • About Us

Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.