नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के अभ्यर्थियों और अभिभावकों को फर्जी या AI से तैयार की गई OMR शीट जमा करने को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर शिकायत दर्ज कराने के दौरान फर्जी दस्तावेज जमा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
NTA का यह बयान उन शिकायतों के बाद आया है, जिनमें कई अभ्यर्थियों ने दावा किया था कि आधिकारिक उत्तर कुंजी से गणना किए गए उनके संभावित अंकों और घोषित परिणामों में अंतर है। शिकायतों की जांच के दौरान एजेंसी को कुछ ऐसी OMR शीट मिलीं, जिनके फर्जी या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार किए जाने का संदेह जताया गया।
परीक्षा एजेंसी ने अभ्यर्थियों से कहा है कि अंक सत्यापन के लिए केवल परीक्षा के दौरान जारी की गई मूल OMR शीट ही जमा करें। NTA ने स्पष्ट किया कि शिकायतों की समीक्षा के दौरान केवल वास्तविक परीक्षा रिकॉर्ड को ही मान्यता दी जाएगी।
अंकों में अंतर को लेकर कई छात्रों ने उठाए सवाल
NEET UG 2026 के परिणाम जारी होने के बाद कई छात्रों ने अपने स्कोर को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। अभ्यर्थियों का आरोप था कि आधिकारिक उत्तर कुंजी के आधार पर अनुमानित अंकों और अंतिम परिणाम में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
कुछ छात्रों ने दावा किया कि उनके द्वारा गणना किए गए अंक स्कोरकार्ड में दिखाए गए अंकों से काफी अधिक थे।
रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के बीड जिले की एक छात्रा ने दावा किया कि उत्तर कुंजी के आधार पर उसे करीब 522 अंक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन परिणाम में उसके अंक 95 दिखाए गए। वहीं, एक अन्य अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि उसके लॉगिन से अपलोड की गई OMR शीट उसकी नहीं थी, जबकि स्कोरकार्ड में उसे 87 अंक मिले।
इन शिकायतों के बाद कई अभ्यर्थियों और उनके परिवारों ने मामले की विस्तृत जांच की मांग की है।
Registration Begins for FutureCrime Summit 2026, India’s Largest Cybercrime Conference
AI से तैयार फर्जी दस्तावेज बनी नई चुनौती
NTA ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज परीक्षा व्यवस्था के लिए नई चुनौती बन रहे हैं। एजेंसी के अनुसार, ऐसे दस्तावेज शिकायत निवारण प्रक्रिया की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकते हैं और जांच को गुमराह कर सकते हैं।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे शिकायत दर्ज कराते समय किसी भी तरह के बदले हुए दस्तावेज या अनधिकृत सामग्री का इस्तेमाल न करें।
एजेंसी ने चेतावनी दी है कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान फर्जी रिकॉर्ड या गलत जानकारी देने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पेपर लीक आरोपों के बाद दोबारा आयोजित हुई थी परीक्षा
NEET UG 2026 के परिणाम 16 जुलाई को दोबारा आयोजित परीक्षा प्रक्रिया के बाद जारी किए गए थे। इससे पहले 3 मई को आयोजित मूल परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।
प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। विवाद के बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि भविष्य में NEET UG परीक्षाओं को पारंपरिक पेन-पेपर प्रारूप से हटाकर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) प्रणाली में आयोजित किया जाएगा।
NTA ने कहा है कि सभी शिकायतों और जमा किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
